चण्डीगढ़

पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पोते कुलतार संधवां सर्वसम्मति से चुने गए पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

चंडीगढ़ : कुलतार संधवां सोमवार को सर्वसम्मति से 16वीं पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। इससे पहले विधानसभा का सत्र दोबारा शुरू हुआ। आज भाजपा के 2 विधायकों जंगी लाल और अश्विनी शर्मा को विधायक के रूप में शपथ दिलाने के साथ ही सदन ने अध्यक्ष के चुनाव के लिए कार्यवाही शुरू कर दी। सीएम भगवंत मान ने कुलतार संधवां के नाम का प्रस्ताव रखा और हरपाल चीमा ने प्रस्ताव का समर्थन किया। संधवां सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए और मान ने उन्हें सदन में अपनी कुर्सी तक पहुंचाया। उन्होंने अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही के सीधे प्रसारण की अनुमति देने का आग्रह भी किया।
विपक्षी विधायकों में कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली, भारतीय जनता पार्टी के विधायक अश्विनी शर्मा, कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा और सुखपाल सिंह खैरा ने भी संधवां को बधाई दी। विपक्षी सदस्यों ने उम्मीद जतायी कि अध्यक्ष उन्हें सदन में सार्वजनिक मुद्दों को उठाने का समान अवसर देंगे। संधवां (46) ने पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अजयपाल सिंह संधू को 21,130 मतों के अंतर से हराकर कोटकपुरा विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। वह पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पोते हैं। संधवां ने पूर्व अध्यक्ष राणा के. पी. सिंह की जगह ली है। संधवां ‘आप’ की किसान शाखा के अध्यक्ष हैं और खेती से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button